धनघटा। नगर पंचायत हैंसर बाजार- धनघटा में कई मतदाताओं के नाम सूची से गायब थे। इस वजह से लोग मतदान से वंचित हो गए। बिना मतदान किए लोग निराश होकर व्यवस्था को कोसते हुए घर लौट गए।
वार्ड नंबर पांच भिऊघाट निवासी अवधेश कुमार, ममता, कमलेश, लालमन दो बार से ग्राम पंचायत और विधानसभा के चुनाव में वोट डालते आ रहे हैं। इन लोगों का कहना है कि नवसृजित नगर पंचायत में पहली बार मतदान करने का अवसर मिला था। मन में बहुत उत्साह था, लेकिन जब मतदान केंद्र पर पहुंचे तो पता चला कि सूची में नाम ही नहीं है। इस कारण बगैर मतदान किए चिलचिलाती धूप में निराश होकर घर लौटना पड़ा।
वार्ड नंबर छह के निवासी राजेंद्र, सुरेश कुमार, योगेंद्र, रामलोचन ने कहा कि पिछले बार मतदाता सूची में नाम था। विधानसभा चुनाव में मतदान भी किया था, लेकिन इस बार सूची से नाम गायब हो गया। इस वजह से मतदान से वंचित रह गए। वार्ड नंबर नौ की निवासी फूलमती, जनार्दन, सफीउल्लाह, समीउल्लाह का कहना था कि उनकी उम्र 50 वर्ष के करीब हो गई। कई बार ग्राम पंचायत से लेकर लोकसभा तक के चुनाव में मतदान किया। इस बार मतदाता सूची से नाम गायब होने के कारण मतदान करने का अवसर नहीं मिला। मतदाताओं का कहना था कि मतदाता सूची तैयार करने में बहुत बड़ी लापरवाही बरती गई।