संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के मलौली में 12 जून को सरकारी भूमि कब्जा मुक्त कराने गई नगर पंचायत की टीम के विरुद्ध मारपीट पर आमादा व जानमाल की धमकी देने वाले चार लोगों के विरुद्ध धनघटा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी।
विवेचक द्वारा मामले की विवेचना की जा रही है। इसी बीच आरोपियों द्वारा 14 जुलाई को घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया व फेसबुक पर वायरल किए जाने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में आरोपी द्वारा अधिशासी अधिकारी व उनकी टीम को ललकारा जा रहा है। नगर पंचायत ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया है।
मामले की विवेचना करने वाले विवेचक व अन्य उच्च अधिकारियों को भेजे पत्र में अधिशासी अधिकारी धीरज सिंह ने कहा कि प्राथमिकी में नामजद अभियुक्तों द्वारा वीडियो वायरल करने का उद्देश्य स्वयं को प्रभावशाली एवं दबंग प्रदर्शित करना है तथा समाज में अपनी छवि को मजबूत करना तथा विवेचना एवं विधिक कार्रवाई को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।
एक माह बाद अभियुक्तों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से सोशल मीडिया से उक्त वीडियो प्रसारित कराया जाना प्रथम दृष्टया जनमानस को प्रभावित करने, सरकारी कार्य के प्रति गलत संदेश देने तथा अभियुक्तों की अनुचित छवि निर्माण का प्रयास है।
अधिशासी अधिकारी ने पत्र में कहा कि वायरल वीडियो को प्रसारित करने को विवेचना का भाग मानते हुए इसकी जांच कराई जाए। वीडियो के साक्ष्य को विवेचना में शामिल करते हुए उसके मूलस्रोत, निर्माता, अपलोडकर्ता एवं प्रसार कराने वाले व्यक्तियों की पहचान की जाए।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दिलीप सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।