- मीडिया संवेदीकरण पर कार्यशाला हुई आयोजित
- 10 से 28 अगस्त तक प्रस्तावित है एमडीए अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। फाइलेरिया से बचाव की दवा खिलाने के लिए जिले में 10 अगस्त से चलने वाले मास ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एमडीए) अभियान के लिए बुधवार को शहर के एक होटल में मीडिया संवेदीकरण कार्यशाला हुई। इसमें फाइलेरिया से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया गया।
सीएमओ डॉ. अनिरुद्ध कुमार सिंह ने कहा फाइलेरिया के समूल उन्मूलन के लिए सभी लाभार्थियों को बचाव की दवाएं खिलाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि फाइलेरिया की गंभीरता को मीडिया के माध्यम से जन-समुदाय में अधिक से अधिक प्रचारित किया जाए। जिससे लोग इस गंभीर बीमारी के बारे में सही और महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकें।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. आर.पी मौर्या ने कहा कि फाइलेरिया रोधी दवाएं पूरी तरह सुरक्षित हैं । इन दवाओं का कोई विपरीत प्रभाव नहीं है। फिर भी किसी को दवा खाने के बाद उल्टी, चक्कर, खुजली या जी मिचलाने जैसे लक्षण होते हैं तो यह इस बात का प्रतीक है कि उस व्यक्ति के शरीर में फाइलेरिया के परजीवी मौजूद हैं। ऐसे लक्षण इन दवाओं के सेवन के उपरांत शरीर के भीतर परजीवियों के मरने के कारण उत्पन्न होते हैं।
कार्यक्रम का संचालन बीसीपीएम महेंद्र त्रिपाठी ने किया। इस दौरान रोटरी क्लब के संरक्षक डॉ. एके सिन्हा, डॉ. वी.के. सोनी, डॉ. सोहन गुप्ता, डॉ. रतन लाल, डॉ. मुबारक अली आदि मौजूद रहे।