संतकबीरनगर जिले के सेमरियावां में आयोजित जनसभा को संबोधित करते एआईएमआईएम के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार ड्रामा कंपनी है। चाचा भतीजे को धोखा देता है, भतीजा चाचा के खिलाफ साजिश करता है। बाप बेटे एक दूसरे के खिलाफ साजिश करते हैं, ऐसे कथित समाजवादी लोग प्रदेश का क्या विकास करेंगे। ये बातें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अध्यक्ष और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने ये बातें जूनियर हाईस्कूल सेमरियावां के ग्राउंड में आयोजित जनसभा में कहीं।
उन्होंने कहा कि सपा शासनकाल में 300 से अधिक सांप्रदायिक दंगे हो चुके हैं। इन दंगों में मुसलमानों को जान और माल का भारी नुकसान उठाना पड़ा। मुजफ्फरनगर से लेकर दादरी और अब बिजनौर में निर्दोषों की हत्या। ये घटनाएं सपा सरकार की विफलता को इंगित करती हैं। सपा का विकास का दावा खोखला है। अधिकांश मामलों में जमीनी स्तर पर काम हुए ही नहीं और जो काम हुए उनमें मुसलमानों को हिस्सेदारी नहीं मिल सकी।
कांग्रेस, बसपा पर भी उन्होंने मुसलमानों को सिर्फ वोट बैंक की शक्ल में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। भाजपा और संघ पर हमला बोलते हुए कहा कि आरएसएस मुसलमानों को गद्दार कहता है, जबकि हम मुसलमान इस मुल्क की आजादी, इसकी एकता और अखंडता के लिए तब से कुर्बानी दे रहे हैं जब संघ का वजूद भी नहीं था। उड़ी में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए इस आतंकी हमले को पाकिस्तान प्रायोजित बताया।
कहा कि पाकिस्तान हिंदुस्तानी मुसलमानों का हितैषी होने का ड्रामा करने के बजाय अपने देश की मस्जिदों और मदरसों में हो रहे आतंकी हमलों को रोकने पर ध्यान दें। उन्होंने पाक को चेताते हुए कहा कि भारत में आतंकी हमलों को बंद करे। लोगों से कहा कि आप किसी भी डर और दहशत को छोड़ें और मजलिस के बैनर के नीचे आइए यहां सिर्फ इंसाफ की बात होगी। यहां मैं लीडर बनने नहीं बल्कि लीडर बनाने आया हूं।
आप आगे आइए और एआईएमआईएम के मिशन को आगे बढ़ाइये। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली, खलीलाबाद विधानसभा के पार्टी के प्रभारी हाजी तफ्सीर खान, महराजगंज में पार्टी के अध्यक्ष सरवर खान, मेरा खान, मो. वसीम, मो. हाशिम, मोनू खान आदि उपस्थित रहे।