मेहदावल। नगर पंचायत के जामा मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समाज ने काली पट्टी बांधकर पहलगाम में पर्यटकों के ऊपर हुई आतंकी घटना को लेकर विरोध जताया। आतंकवाद को संरक्षण देने वाले पाकिस्तान के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।
गरीब नवाज एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसाइटी के प्रबंधक तथा बुनकर नेता जहीरूद्दीन अंसारी के नेतृत्व में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद मुस्लिम समाज ने हाथ में काली पट्टी बांधकर पहलगाम की घटना पर दुख व्यक्त करने के साथ ही आतंकी घटना के प्रति जताया। प्रबंधक जहीरूद्दीन अंसारी ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा पोषित आतंकवादियों ने पहलगाम में पर्यटकों के ऊपर गोली चलाकर 28 पर्यटकों की हत्या की गई।
इस मामले में अंतरराष्ट्रीय अदालत में मुकदमा दायर कर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर भारत सहित अंतरराष्ट्रीय सेना को मिलकर संयुक्त कार्रवाई करते हुए आतंकियों को नेस्तनाबूत करने की कार्रवाई होनी चाहिए। आतंकवाद को प्राश्रय देने वाले पाकिस्तान के शासन तथा सेवा प्रमुख के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। आतंकवाद का कोई मजहब नहीं होता दहशतगर्द का कोई मजहब नहीं होता न हीं उनका कोई दीन होता है।
ऐसे लोगों तथा ऐसे राष्ट्र के विरुद्ध भारत को कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है। मुस्लिम समाज के लोगों ने महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित तीन सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम को सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान गयासुद्दीन, मोहसिन, निहाल अहमद, मोहम्मद नईम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।