भूमि विवाद में फावड़े से प्रहार कर प्राइवेट कंपनी के कर्मी का कत्ल
आरोपी दंपती और बेटा केस दर्ज, आरोपी पिता-पुत्र को पुलिस ने लिया हिरासत में
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा/संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के देवकली कला गांव में मंगलवार को भूमि विवाद में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत कर्मी की फावड़े से प्रहार कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी पति, पत्नी और बेटा घर छोड़कर भाग गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और वारदात में प्रयुक्त फावड़े को कब्जे में ले लिया। इस मामले में पुलिस ने दंपती और उसके बेटे के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। वहीं एसपी ने बताया कि देर शाम आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया गया। दोनो से पूछताछ की जा रही है।
देवकली कला निवासी 50 वर्षीय नंदू यादव और इसी गांव पर नेवासे पर रहने वाले बृजलाल यादव के बीच जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी जमीन पर बृजलाल यादव नींव की खुदाई करने लगे। यह देखकर नंदू यादव उन्हें रोकने पहुंच गए। देखते-देखते दोनों में कहासुनी होने लगी।
आरोप है कि उसी दौरान बृजलाल ने फावडे़ से नंदू के ऊपर प्रहार कर दिया। फावड़ा नंदू की गर्दन पर जा लगा। इससे गर्दन का कुछ हिस्सा कट गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पीड़ित पत्नी परमराजी देवी का आरोप है कि उसके दरवाजे की जमीन पर विपक्षी बृजलाल कब्जा करना चाहते थे। जिसे रोकने पर बृजलाल और उसके पिता रामभवन और मां माधिक देवी ने मिलकर फावड़े से प्रहार करके उसके पति नंदू यादव की हत्या कर दी।
सूचना पर एसपी डॉक्टर कौस्तुभ, सीओ अंबरीष भदौरिया, प्रभारी एसओ प्रमोद यादव आदि मौके पर पहुंच गए। एसपी ने पीड़ित परिजनों से घटना की जानकारी हासिल की। एसपी ने बताया कि आरोपी बृजलाल, रामभवन और माधिक देवी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है।
हत्या से दहल उठा देवकली कला गांव
नंदू लुधियाना में निजी कंपनी में नौकरी कर चलाते थे परिवार का खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। देवकली कला गांव में जमीन संबंधी विवाद में नंदू यादव की हत्या से कोहराम मच गया। पीड़ित परिवार के लोग रो-रो कर बेहाल हैं। वहीं गांव के लोग आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की बात कर रहे थे।
नंदू यादव अपने परिवार का खर्च चलाने के लिए लुधियाना (पंजाब) में निजी कंपनी में काम करते थे। वह अपनी बेटी की शादी करने के लिए छुट्टी लेकर 14 मई को घर आए थे। 21 मई को छोटी बेटी स्नेहलता की शादी धनघटा क्षेत्र के टेम्हा गांव में की। 24 मई को बेटी को डोली में बिठाकर विदा किया था। नंदू जल्द ही नौकरी के लिए वापस जाने की तैयारी कर रहे थे, इधर उनकी हत्या हो गई।
एकमात्र कमाऊ सदस्य की हत्या से परिवार के लोग दहल उठे। मृतक की बेटी लक्ष्मी, स्नेहलता, बेटे शिवम, शुुुभम और मां परमराजी का रो- रो कर बुुरा हाल था। परिवार की दशा देख कर गांव का हर शख्स गमगीन हो उठा। ग्रामीण बताते है कि क्षेत्र के मरवटिया और देवकली कला गांव के बीच कुछ माह पूर्व आरोपी बृजलाल के पिता रामभवन की कुछ लोगों ने पिटाई करने के साथ चाकू से हमला किया था। इस मामले में मृतक नंदू के परिवार के कुछ लोगों पर इसका आरोप भी लगाया गया था। लोग उससे भी घटना को जोड़ कर देख रहे हैं।
कार्य में सुस्ती देख भड़के एसपी
हत्या की सूचना पर देवकली कला गांव में पहुंचे एसपी डॉक्टर कौस्तुभ काफी सख्त दिखे। एसपी ने सबसे पहले घटना से संबंधित पूरी जानकारी जुटाई। उसी दौरान मौके पर मौजूद चौकी प्रभारी धर्मेंद्र यादव पर नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि मौके पर क्यों मौजूद हो। तत्काल यहां से निकलो और आरोपियों की गिरफ्तारी करो। इतना सुनते ही चौकी प्रभारी खिसक लिए। इस दौरान सीओ को निर्देशित किया की तीन उप निरीक्षकों की टीम गठित कर आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए। एक अलग से टीम बनाएं, जो मौके की गतिविधि पर नजर रखे।
पीड़ित परिजनों से मिलकर एसपी ने दिलाया न्याय का भरोसा
एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। पीड़ित परिजनों ने इंसाफ की मांग की। एसपी ने उनके प्रति संवेदना जाहिर की और न्याय का भरोसा दिया। एसपी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। जलद ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे। पुलिस कर्मियों को चेताया कि इसमें कोई शिथिलता न बरतें, अन्यथा लापरवाही पर कार्रवाई की जाएगी।