मदारपुर गांव में नालियों में इस कदर भरा है कीचड़
लोहरौली। सेमरियांवा ब्लाक क्षेत्र के धुसुरा ग्राम पंचायत के राजस्व ग्राम मदारपुर में गंदगी और जलभराव के चलते ग्रामीण काफी परेशान हैं। स्थिति यह है कि जलभराव के चलते यहां पर जहां एक तरफ मच्छर बढ़ गए हैं। वहीं दूसरी तरफ नालियों की सफाई न होने से उनका पानी सड़क पर फैल रहा है।
मदारपुर गांव के निवासी अली अहमद बताते हैं कि गांव के मुख्य रास्ते के अगल बगल खर पतवार पैदा हो गया है। हर तरफ नाली कचरे से ठसाठस भरी हुई है। पिछले पांच वर्षों से यही कह कर पल्ला झाड़ लिया जाता है कि सफाई कर्मी नहीं है। रोस्टिंग के जरिए भी सफाई नहीं कराई जा रही है। रात दिन मच्छर के प्रकोप से ग्रामीण बहुत ही परेशान रहते हैं। मच्छर की दवा न नालियों में छिड़की जाती है न मशीन द्वारा फॉगिंग की जाती है।
गांव के कमाल अहमद और सलमान अहमद का कहना है कि मस्जिद से एहतशाम अंसारी के घर के सामने तक पूरी तरह जाम है। वहीं इकरार के घर के पीछे जुबेर के घर तक बनवाई गई नाली का वाटर लेबल कई बार बनवाने के बाद भी गड़बड़ है। जिसके चलते लोग परेशान हैं।
गत 5 फरवरी को जेई व पूर्व सचिव देवेन्द्र सिंह आए थे और सड़क की नाप-जोख की गई, लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हुआ। गांव के अन्य लोगों ने भी इन समस्याओं के निस्तारण की मांग की है। ग्राम प्रधान मेंहरुन्निशा का कहना है कि पानी सूखने के बाद सड़क बनवाया जाएगा तथा नाली ठीक कराई जाएगी।