संतकबीरनगर/बिसौवा। बरसात का मौसम करीब आ रहा है और तीन करोड़ से अधिक रुपये खर्च करने के बाद भी करमैनी बेलौली बांध पर कार्य पूरा नहीं हो पाया है। तटबंध पर धीमी गति से चल रहे कार्य की गति यह बता रही है कि कार्य तय समय में पूरा होना संभव नहीं है।
करमैनी-बेलौली तटबंध के मरम्मत आदि निर्माण कार्य पर शासन स्तर से तीन परियोजना स्वीकृत की गई। पहली करमैनी-बेलौली तटबंध 3.375 किलोमीटर से 3.450 पर पूर्व निर्मित स्टड के पुनर्स्थापना के कार्य की परियोजना के लिए लगभग दो करोड़, वहीं दूसरी परियोजना 16.620 से 16.670 एवं 16.740 के मध्य क्षतिग्रस्त लॉचिंग एप्रन या पिचिंग के पुनर्स्थापना के लिए लगभग 52 लाख रुपये व तीसरी परियोजना 7.770 किलोमीटर से 8.050 के मध्य स्टोन बोल्डर से स्लोप पिचिंग का कार्य लगभग 61 लाख रुपये अवमुक्त हुए।
तीन करोड़ से अधिक रुपये धन आवंटित किया गया था। इस तटबंध पर अभी तक निर्माण कार्य अधूरा नजर आ रहा है। वहीं तटबंध पर हो रहे मानक विहीन कार्य को लेकर क्षेत्र के लोग सवाल खड़ा कर रहे हैं। वहीं बांध के बगल सड़क की पटरियों पर हल्की मिट्टी पटाई कर कोरम पूरा कर रहे हैं।
क्षेत्रीय निवासी अजय पांडेय, शिवमूरत निषाद, दीपनारायण विश्वकर्मा, सुनील तिवारी समेत कई लोगों का कहना है कि इस बार भी तटबंध सुरक्षित नहीं दिख रहा है। आज भी तटबंध का कई निर्माण कार्य अधूरा है। ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य काफी सुस्त ढंग से कराया जा रहा है। इसके चलते काफी दिक्कतें पैदा हो सकती हैं।
1