संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। नाथनगर ब्लॉक में मनरेगा मजदूर संघ के प्रदेश महासचिव गजानंद राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वीवीजी राम जी योजना के विरोध में पदयात्रा निकाली। यह पदयात्रा पिंडारी पूर्वी से काली जगदीशपुर तक निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में मनरेगा मजदूर शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान मजदूरों ने नारेबाजी करते हुए मनरेगा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा की मांग की। मनरेगा मजदूर संघ के प्रदेश महासचिव ने बताया कि वीवीजी राम जी योजना के लागू होने से मजदूरों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जॉब कार्ड नवीनीकरण में हो रही परेशानी, मजदूरी भुगतान में देरी तथा काम की अनिश्चितता को लेकर मजदूरों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने कहा कि उन्हें 125 दिन का काम नहीं चाहिए, बल्कि पहले से लागू मनरेगा योजना के अंतर्गत 100 दिन का रोजगार ही सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने सरकार से वीवीजी राम जी योजना को निरस्त करने की मांग की।
इस दौरान हनुमान राव, रामशरण, राजन मिश्रा, राम शब्द, चंद्रप्रभा, सरिता, बदराही, नैना देवी, पूनम, सोनबरसा, लक्ष्मण, बहादुर, नारायण, रामकेश, सुनीता, गिरिजा देवी आदि मौजूद रहे।