- भैंसा माफी ग्राम पंचायत में मनरेगा कार्य का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर । मनरेगा मजदूरों वसूली की शिकायत की जांच के लिए बुधवार को मनरेगा लोकपाल ने विकास खंड के भैंसा माफी पहुंच कर जांच की। सीडीओ के निर्देश पर मनरेगा लोकपाल ने जांच पूरी करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपने की बात कही।
सीडीओ को दिए गए शिकायती पत्र में पलटू पुत्र जोखन ने शिकायत किया है कि उन्होंने मनरेगा की एक परियोजना पर कार्य किया था। चार हजार रुपये खाते में आए थे। जिसकी निकासी कर ली थी, इसमें धन की मांग की जा रही है। अब दूसरी परियोजना पर किए गए कार्य की मजदूरी के रुपये काट लिया गए। इसी प्रकार कुछ अन्य मजदूरों ने भी शिकायत की है।
शिकायत के बाद मनरेगा लोकपाल पवन कुमार श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की है। लोगों के बयान दर्ज कराए गए हैं। कार्य की जांच की गई है। सभी मजदूरों से बातचीत की गई है। मनरेगा लोकपाल ने पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपने की बात कही। इस संबंध में मनरेगा उपायुक्त प्रभात द्विवेदी ने कहा कि शिकायत मिली थी। मनरेगा लोकपाल से जांच कराई गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्य की जानकारी हो पाएगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।