संतकबीरनगर। एमएलसी चुनाव को सकुशल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को जिलाधिकारी अनुज मलिक और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जिले के चार ब्लॉकों में स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और मतदान प्रक्रिया के सुचारु संचालन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया।
डीएम और एसपी ने खलीलाबाद, बघौली, मेंहदावल और सेमरियावां ब्लॉक स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने और केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाए। निर्वाचन कार्य में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करें। मतदान प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित किया जाए, ताकि एमएलसी चुनाव बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके।