संतकबीरनगर। बोर्ड परीक्षा आते ही छात्रों पर तनाव का असर साफ दिखने लगा है। इसी को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार ने विद्यार्थियों की मानसिक और भावनात्मक सहायता के लिए मित्र मनोदर्पण एप लॉन्च किया है। यह एप हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों को तनाव, डर और पढ़ाई के दबाव से राहत देने में मदद करेगा।
एप के जरिए छात्र घर बैठे प्रशिक्षित काउंसलर से परामर्श ले सकते हैं। इसमें मोटिवेशनल वीडियो, लेख, तनाव प्रबंधन तकनीक, आत्म मूल्यांकन और माइंडफुलनेस जैसे कई उपयोगी फीचर हैं। सबसे खास बात यह है कि एप मुफ्त है और 24 घंटे उपलब्ध है। ऐसे छात्र जो दूरदराज इलाकों में रहते हैं और काउंसिलिंग सुविधाओं से वंचित हैं, उनके लिए यह एप किसी साथी से कम नहीं।
‘मित्र मनोदर्पण’ गूगल प्ले स्टीर पर उपलब्ध है, जहां से छात्र इसे आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। डीआईओएस हरिशचंद नाथ का कहना है कि परीक्षा का तनाव अब समस्या नहीं रहेगा। यह एप छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाएगा। सभी स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वह छात्रों को इस एप की जानकारी जरूर दें।