धनघटा। क्षेत्र के एक गांव निवासी प्रेमी- प्रेमिका मंगलवार की शाम को घर से फरार हो गए। पुलिस की तलाश में वह क्षेत्र के एक गांव में बृहस्पतिवार को मिले। थाने पहुंचकर दोनों के परिजनों ने उनको समझा-बुझाकर अपने साथ घर ले जाने का काफी प्रयास किया, लेकिन दोनों अपने को बालिग बताते हुए एक साथ रहने की जिद पर अड़े रहे। दोनों के परिजन निराश होकर घर लौट गए।
19 वर्षीय युवती और 20 वर्षीय युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। इसको लेकर दोनों के परिजनों के बीच कई बार विवाद भी हो चुका था। मंगलवार की शाम दोनों घर से फरार हो गए। काफी तलाश के बाद युवती के पिता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार को क्षेत्र के एक गांव में उनके रहने की जानकारी पुलिस को हुई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को पकड़ कर थाने ले आई। पकड़े जाने के बाद युवती और युवक के परिवार के लोग थाने पर पहुंचे। सुबह 10:00 बजे से शाम तक दोनों को समझा-बुझाकर अपने साथ घर ले जाने की कोशिश करने लगे, लेकिन प्रेमी और प्रेमिका साथ रहकर एक साथ जीने मरने की जिद पर अड़े रहे। अंत में निराश होकर दोनों के परिवार के लोग अपने घर लौट गए।
एसओ संतोष मिश्रा ने बताया कि युवक और युवती बालिग बताए जा रहे हैं। इस मामले में जांच पड़ताल करके कार्रवाई की जा रही है।