संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के भिटवा टोला नूरी मस्जिद के बगल में एक व्यावसायिक परिसर की जांच करने पहुंची बिजली निगम की टीम के साथ दुर्व्यवहार व हाथापाई का मामला प्रकाश में आया है। कोतवाली पुलिस के दखल पर परिसर की जांच हो सकी। व्यावसायिक कनेक्शन का बाईपास करके बिजली उपभोग करना पाया गया। पुलिस टीम आरोपी को अपने साथ लेकर कोतवाली गई। वहीं बिजली विभाग की टीम भी कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर देने की तैयारी कर रही है।
शहर के नूरी मस्जिद के पास एक व्यावसायिक परिसर में बिजली चोरी की सूचना के बाद बिजली निगम की टीम मंगलवार देर शाम को जांच के लिए पहुंची। टीम ने मीटर वाले स्थान की जांच की। इसके बाद आवासीय परिसर की तरफ टीम बढ़ी। आरोप है कि जांच टीम के साथ सहयोग न करके हाथापाई और दुर्व्यवहार किया गया। इसकी सूचना के बाद बिजली निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी भी वहां पर पहुंच गए। इसके बाद सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस कड़ा रुख अख्तियार किया जिसके बाद परिसर की जांच की गई। इसमें कामर्शियल कनेक्शन पाया गया जिसको बाईपास करके बिजली का उपभोग किया जा रहा था। यहीं नही 21 दुकानदारों से 12 रुपये पर यूनिट के हिसाब से बिजली बिल वसूलने की जानकारी भी मिली। जांच पूरा होने के बाद परिसर के स्वामी को पुलिस अपने साथ लेकर कोतवाली खलीलाबाद पहुंची।