मेंहदावल। थाना क्षेत्र में रविवार की शाम बाजार जा रहा एक बालक ठाकुरद्वारा मोहल्ले में स्थित इंडियन बैंक के सामने चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। इससे उसकी आंख के पास काफी गहरी व गंभीर घाव हो गया। उसका इलाज चल रहा है। परिजन ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ठाकुरद्वारा मोहल्ला निवासी सुनील कुमार अग्रहरि ने पुलिस को दी तहरीर बताया कि उनका भतीजा आयुष किसी काम से बाजार जा रहा था। इसी दौरान इंडियन बैंक के सामने वह चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। इससे उसके आंख के पास कट गया। उसका निजी चिकित्सक से इलाज कराया गया। उसकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
इस घटना के बाद लोगों ने इस खतरनाक मांझा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। नगर पंचायत निवासी सुरेंद्र, रवि, सुनील, धीरज, आलोक, चंदन आदि ने प्रशासन से मांग की है कि चाइनीज मांझे के साथ-साथ अत्यधिक धारदार मांझा बनाने, बेचने और इस्तेमाल करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई हो।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चाइनीज मांझा बेचना अपराध की श्रेणी में आता है, तहरीर मिली है, जल्द ही अभियान चलाकर छापेमारी की जाएगी और तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।