संतकबीरनगर। सेफ सिटी के तहत शहर यातायात व्यवस्था बेहतर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत नगर पालिका प्रशासन ने शहर के तीन स्थानों पर मिनी बस स्टैंड बनाने का प्रस्ताव तैयार किया था। करीब नौ माह बाद भी इस प्रस्ताव पर अब तक अमल नहीं हो सका है, जबकि मिनी बस स्टैंड के लिए स्थान चिह्नित हो चुका है। ठंड ने भी दस्तक दे दी है। कोहरा भी पड़ने लगा है। ऐसे में यात्रियों को ठंड में खुले आसमान तले बस का करना पड़ेगा।
नगर पालिका प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए नेदुला, नई तहसील और औद्योगिक क्षेत्र के पास मिनी बस स्टैंड बनाने की योजना तैयार की थी। यहां पर यात्रियों के लिए शेड लगवाने और बैठने के लिए बेंच आदि लगाए जाने थे। साथ ही पीने के पानी का भी इंतजाम किया जाना था, लेकिन अभी यह योजना ठंडे बस्ते में हैं। पालिका प्रशासन ने जगह चिह्नित करने के बाद अभी तक कार्य शुरू नहीं कराया है।
यात्री अनिल कुमार, राघवेंद्र सिंह आदि ने कहा कि मिनी बस स्टैंड बनने से काफी राहत होता, लेकिन अब तक कार्य शुरू न होने से ठंड के मौसम में दिक्कत उठानी पड़ रही है। इस पर पालिका प्रशासन को ध्यान देने की जरूरत है।