विकास भवन परिसर में धरना देते मनरेगा कर्मी।
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश मनरेगा कार्मिक कल्याण संगठन के आह्वान पर बुधवार को मनरेगा कार्मियों ने विकास भवन परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरना दे रहे मनरेगा कार्मियों ने कहा कि पिछले छह सालों से मनरेगा कार्मियों के वेतन में कोई वृद्धि नहीं हुई है। ऐसे में तत्काल वेतनवृद्धि की जाए।
मनरेगा कार्मिक कल्याण संगठन के जिलाध्यक्ष फारूख अहमद के नेतृत्व में मनरेगा कर्मी विकास भवन पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इसमें कंप्यूटर ऑपरेटर, लेखा सहायक, तकनीकी सहायक, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी व रोजगार सेवक शामिल रहे। मनरेगा कार्मियों की उपेक्षा की जा रही है।उन्होंने कहा कि अभी तक सेवा नियमावली का निर्धारण नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की कि वेतनवृद्धि के साथ ही सेवा नियमावली का निर्धारण किया जाए।
जब तक ऐसा नहीं होगा धरना चलता रहेगा। धरने में अजीत सिंह, ऋषि सिंह, योगेंद्र पांडेय, मेराजुल हक, मदन गोपाल, अनंत राय, अंजूरानी, सूर्य प्रकाश चौधरी, देवेंद्र चौधरी, आलोक कुमार आदि लोग शामिल रहे।