- बिजली निगम मोहल्ले में बिजली की खपत की करेगा निगरानी, रिकॉर्ड होगी यूनिट
- जिले में 24 हजार ट्रांसफाॅर्मर से होती है आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जनपद में बिजली निगम हर ट्रांसफार्मर पर मीटर लगाकर खपत का आकलन करेगा। हर ट्रांसफाॅर्मर पर मीटर लगाए जाएंगे। इन मीटरों के जरिए बिजली चोरी पर निगम की नजर रहेगी। साथ ही बिजली की खपत और राजस्व के अनुपात पर नजर रखी जाएगी।
इससे अलावा ये भी पता चलेगा की कहां कमी है और बिजली आपूर्ति की स्थिति भी स्पष्ट होगी। जिले में कुल 24 हजार ट्रांसफाॅर्मर हैं, जहां मीटर लगाए जाने के निर्देश हैं। जिले में 62 फीडर से बिजली आपूर्ति की जाती है। ग्रामीण क्षेत्र में कुछ ट्रांसफाॅर्मर में मीटर लगाया गया था, जो उपयोगी नहीं साबित हो पाया। समुचित रख-रखाव के अभाव में ज्यादातर मीटर गायब हो गए।
जिले में लगेंगे 2.94 लाख स्मार्ट मीटर
जिले में 2.94 लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। प्रथम चरण में खलीलाबाद शहरी क्षेत्र में 15 हजार उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने की तैयारी है। इसमें रिचार्ज करने की व्यवस्था होगी। जितनी धनराशि का रिचार्ज होगा, उतने यूनिट बिजली की खपत की जा सकेगी। निर्धारित यूनिट के बाद बिजली आपूर्ति खुद बंद हो जाएगा। माना जा रहा है कि इससे सरकारी विभागों में होने वाले बकाए की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
ट्रांसफाॅर्मर पर मीटर और घरों में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही सभी कनेक्शन पर मीटर लग जाएंगे, जिससे बिजली चोरी पर लगाम और राजस्व निर्धारण में कोई समस्या नहीं आएगी।
- रमेश सिंह, अधीक्षण अभियंता