महुली के व्यापारी पुत्र ने आजमगढ़ में रिश्तेदार के घर की आत्महत्या
- घटना की सूचना पर पीड़ित के घर मचा कोहराम, आजमगढ़ रवाना हुए परिजन
धनघटा। महुली कस्बा निवासी व्यापारी के पुत्र की बुधवार शाम आजमगढ़ जिले में अपने बुआ के घर कमरे में फंदे से लटकती लाश मिली। इस पर पीड़ित के घर कोहराम मच गय। घटना को लेकर कस्बे में तरह-तरह की चर्चा है।
कस्बा निवासी हरिश्चंद्र मद्धेशिया की सौंदर्य प्रसाधन की बड़ी दुकान है। उनका 22 वर्षीय बेटा मनीष गुप्ता कुछ दिन पूर्व अपने बुआ के घर आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर क्षेत्र के समौधी में गया हुआ था। परिजनों ने बताया कि बुधवार देर शाम बुआ के घर कमरे में किसी कारण से मनीष ने फंदे से झूलकर जान दे दी। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि सूदखोरों की प्रताड़ना से मनीष काफी परेशान रहता था। सूद चलाने वाले उसे धमकी दे रहे थे। सूदखोरी का मामला महुली थाने तक भी पहुंचा था। पीड़ित परिजन बेटे के जरिए आत्मघाती कदम उठाने की वजह नहीं बता पाए। कुछ स्थानीय दुकानदारों ने भी सूदखोरी के धंधे पर लगाम कसने के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। इस संबंध में पूछने पर एसओ रविंद्र कुमार सिंह ने बताया घटना आजमगढ़ जिले की है। शव का पोस्टमार्टम भी वहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह क्या आई है, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। यदि इस मामले में कोई तहरीर मिलेगी, जांच की जाएगी।