मगहर। नगर पंचायत मगहर में लंबे समय से लंबित जन्म प्रमाणपत्रों के शीघ्र जारी किए जाने की मांग को लेकर भाजपा के मनोनीत सभासद गौरव कुमार निषाद ने अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि जन्म प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में अत्यधिक विलंब होने से आम नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में जन्म प्रमाणपत्र के अभाव में विद्यार्थियों के विद्यालयों में प्रवेश, शासकीय योजनाओं का लाभ, पासपोर्ट, आधार कार्ड सहित अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इससे लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। भाजपा सभासद ने अधिशासी अधिकारी से मांग की कि संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर लंबित जन्म प्रमाण पत्रों का शीघ्र सत्यापन कर निर्गत कराया जाए। संवाद