संतकबीरनगर। पूर्वाेत्तर रेलवे के डोमिनगढ़ में कार्य कराए जाने के लिए मेगा ब्लाॅक लिया गया है। इसके चलते बृहस्पतिवार को इंटर सिटी एक्सप्रेस, जम्मूतवी, लोकमान्य तिलक, पैसेंजर सहित कई ट्रेनें निरस्त रहीं। कई ट्रेनों को मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। इसके चलते स्थिति यह रही कि खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा रहा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों को मजबूरी में बसों के सहारे यात्रा करने को मजबूर होना पड़ा।
पूर्वाेत्तर रेलवे के डोमिनगढ़ में तीसरी रेल लाइन के लिए कार्य कराया जा रहा है। इसके लिए 26 सितंबर तक मेगा ब्लॉक लिया गया है। बृहस्पतिवार को गोरखपुर-बहराइच-गोरखपुर विशेष गाड़ी, जम्मूतवी एक्सप्रेस, गोरखपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनल एक्सप्रेस, चौरीचौरा एक्सप्रेस, लोक मान्य तिलक एक्सप्रेस, गोरखपुर-लखनऊ इंटर सिटी एक्सप्रेस, आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें निरस्त रहीं। इसके अलावा कई ट्रेनें परिवर्तित मार्ग से चलाई गई। इसका असर रेल यातायात पर पड़ा है।
खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के न आने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी है। सूचना पट्ट पर कोई ट्रेन उपलब्ध नहीं है का बोर्ड लगा रहा। ऐसे में जो लोग रेलवे स्टेशन पर आए, वह भी निराश होकर लौट गए। लोकल यात्रियों ने रोडवेज की बसों से सफर किया, जबकि लंबी दूरी की यात्री प्राइवेट वाहनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए। अभी शुक्रवार को भी कई ट्रेनें नहीं चलेंगी। जिससे यात्रियों की समस्या बनी रहेगी।
अभी राहत की उम्मीद नहीं
मेगा ब्लॉक 26 सितंबर तक ही लिया गया है। इसके बाद भी यात्रियों की परेशानी कम होती नहीं दिख रही है। वजह यह है कि मेगा ब्लॉक समाप्त होने के बाद भी कई लंबी दूरी की कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी। इसमें एलटीटी- गोरखपुर एक्सप्रेस, पूणे- गोरखपुर आदि शामिल हें। ऐसे में परिवहन निगम की बसों का ही सहारा रह गया है। मेंहदावल बाईपास पर बस पकड़ने आए अरविंद कुमार ने बताया कि ट्रेनों के निरस्त होने से बस से सफर करने की मजबूरी है। बसों में भी भीड़ हो रही है। वहीं महद्रि त्रिपाठी ने कहा कि लखनऊ जाना है, लेकिन ट्रेनें निरस्त होने से बस से जाने की मजबूरी है।
कोट
मेगा ब्लॉक खत्म होने के बाद यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अभी दो से तीन दिन रेल यातायात प्रभावित रहेगी। इसके बाद ट्रेनें निर्धारित समय पर चलेंगी।
-एके गौड़, स्टेशन अधीक्षक रेलवे खलीलाबाद