ट्रेन के इंतजार में रेलवे स्टेशन पर बैठे लोग-संवाद
संतकबीरनगर। पूर्वाेत्तर रेलवे के डोमिनगढ़ में कार्य कराए जाने के कारण रेल प्रशासन ने मेगा ब्लॉक लिया है। इसके कारण कई ट्रेनें जहां निरस्त कर दी गई है तो कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। मंगलवार को चार एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ ही तीन पैसेंजर ट्रेनें निरस्त रहीं। जिसके कारण रेल से सफर करने की मंशा से खलीलाबाद रेलवे स्टेशन आए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। डोमिनगढ़ में इस समय कार्य चल रहा है। जिसके कारण 22 सितंबर से 26 सितंबर तक मेगा ब्लॉक लिया गया है। इसके कारण मंगलवार को सत्याग्रह एक्सप्रेस, वैशाली सुपर फास्ट एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेनें निरस्त रहीं। इसके साथ ही बाघ एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। इसके कारण मुम्बई, दिल्ली, लखनऊ जाने के लिए खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर आए लोगों को परेशान होना पड़ा। कई यात्रियों को गोरखपुर जाकर ट्रेन पकड़ना पड़ा है, तो कई लोगों को यात्रा स्थगित कर दिया है।
इसके अलावा गोरखपुर-अयोध्या, गोरखपुर-गोंडा के लिए जाने वाली तीन पैसेंजर ट्रेनें भी निरस्त रहीं। ऐसे में लोकल यात्रियों को भी अपने गंतव्य स्थान के लिए जाने में परेशानी झेलनी पड़ी। कई लोगों ने मेंहदावल बाईपास आकर बस पकड़ने को मजबूर होना पड़ा है। बुधवार को भी कई ट्रेनों के निरस्त रहने की आशंका है। हालांकि यात्रियों की समस्या को देखते हुए परिवहन निगम गोरखपुर से 64 अतिरिक्त बसों का संचालन कर रही है।