10 दिसंबर को लखनऊ में बुनकरों की विशाल रैली होगी : इशहाक
संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। लेडुआ-महुआ में बुधवार को बुनकरों की बैठक हुई। इसमें शासन द्वारा बुनकरों को मिल रही बिजली की फ्लैट दर समाप्त करने का विरोध किया गया। इसके विरोध में 10 दिसंबर को लखनऊ में रैली करने का एलान किया गया।
आल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष इशहाक अंसारी ने कहा कि अभी तक बुनकरों को फ्लैट रेट से बिजली मिल रही थी। गरीब बुनकरों के लिए बिजली की यह रेट भी ज्यादा था। तमाम बुनकर इसे भुगतान नहीं कर पा रहे थे। इसी बीच शासन ने फ्लैट रेट को खत्म करके सब्सिडी व्यवस्था को बहाल कर दिया। इस व्यवस्था में अब मात्र 120 यूनिट तक साढ़े तीन रुपये की दर से बिजली की सब्सिडी दी जाएगी। बाकी की बिजली पर पूरा रेट लिया जाएगा। इससे बुनकरी का कारोबार तबाह हो जाएगा। सरकार अपने फैसले पर पुनर्विचार करते हुए फ्लैट रेट की व्यवस्था को पुन: बहाल करे। ऐसा नही करने की स्थिति में सरकार के इस बुनकर विरोधी फैसले के विरोध में बुनकर सड़क पर उतरने को मजबूर होगा। बैठक में मकसूद अहमद,अब्दुल मुस्ताक, रियाजुद्दीन अंसारी, हाजी मो. असलम, मुमताज अहमद, मुमताज, कमालुद्दीन, जमील अहमद, अफलॉक अहमद, नजीर अहमद, फुसैल अहमद, हाजी सरवर अली आदि मौजूद रहे।
फ्लैट रेट में बदलाव मंजूर नहीं : हाजी इमामुद्दीन
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश बुनकर सभा की बैठक खलीलाबाद के मोहल्ला अंसार टोला में मोहम्मद इलियास अंसारी की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिलाध्यक्ष हाजी इमामुद्दीन अंसारी ने कहा कि पावरलूम बुनकरों के लिए विद्युत निगम फ्लैट रेट को यूपी सरकार बंद करने जा रही है। यह बदलाव हमें मंजूर नहीं है। इससे बुनकर तबाह हो जाएंगे। इस दौरान नसीम अंसारी, हैदर अली अंसारी, शमीम अहमद, सरफुद्दोजा अंसारी, मोहम्मद अली अंसारी, मोहम्मद यहिया अंसारी आदि मौजूद रहे।