कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट एसोसिएशन के लोग
संतकबीरनगर। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट कल्याण एसोसिएशन के बैनर तले दवा व्यापारियों ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने लाइसेंस रीन्युअल के नाम पर धन उगाही का आरोप लगाया। इस दौरान एडीएम न्यायिक को ज्ञापन सौंपा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राजू भाटिया ने कहाकि लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया में भ्रष्टाचार हो रहा है। सरकारी फीस महज तीन हजार रुपये होने के बावजूद दुकानदारों से 15 से 20 हजार रुपये तक की अवैध वसूली की जा रही है। विभाग के अधिकारी लगातार उत्पीड़न कर रहे हैं। फोन मिलाने पर कभी बात नहीं करते है। अगर बात करनी होती है तो व्हाट्सएप कॉल के जरिए बात होती है। ताकि रिकॉर्डिंग का किसी के पास कोई प्रमाण न रहे।
दुकानदारों को कभी बाईपास, कभी नेदुला, कभी बंजरिया बुलाया जाता है और ड्राइवर के माध्यम से संदेश भेजा जाता है। इस तरह से व्यापारियों को दौड़ा-दौड़ाकर मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। लाइसेंस नवीनीकरण न होने के कारण कंपनियां माल देना बंद कर रही हैं। इससे दुकानों पर ताला लगने की नौबत आ गई है। सभी ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराए जाने की मांग की है। लंबित लाइसेंसों का शीघ्र नवीनीकरण कराया जाए।
इस दौरान उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राजपूत, कोषाध्यक्ष शिवाजी गुप्ता, महामंत्री जेपी दुबे, मीडिया प्रभारी मुकेश जायसवाल, छोटई सिंह, विजय बहादुर सिंह, अरुण कुमार मिश्रा, अब्दुल शाहिद, अनिल यादव, मोहम्मद खालिद, रामसागर गुप्ता, विजय बहादुर सिंह आदि मौजूद रहे।