संवाद न्यूज एजेंसी
बखिरा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखिरा में एक वर्ष से रिक्त चल रहे प्रभारी चिकित्साधिकारी के पद पर डॉक्टर सबा नुसरत की तैनाती हुई है। मंगलवार को महिला व प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ सबा नुसरत ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। महिला विशेषज्ञ डॉक्टर की तैनाती पर क्षेत्रीय लोगों ने खुशी जताई है।
बखिरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एक वर्ष से बघौली पीएचसी प्रभारी की देखरेख में था। स्थाई तौर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी की नियुक्ति नही होने से बखिरा पीएचसी में व्यवस्था संबंधी तमाम दिक्कतें पैदा हो गई थी। समस्या निराकरण के लिए कस्बे के कुछ लोगो ने बखिरा अस्पताल में इलाज व अन्य दुर्व्यवस्था की शिकायत पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल से किया था। कस्बे के लोगों की शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए पूर्व विधायक राकेश सिंह बघेल की पहल पर सेमरियावां में तैनात रही महिला डॉक्टर सबा नुसरत को बखिरा पीएचसी पर सीएमओ ने स्थानांतरित करते हुए बतौर प्रभारी नियुक्त किया।