मगहर। बंद पड़ी कताई मिल रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज बनाने के लिए पैमाइश तेज हो गई है। सड़क के दोनों तरफ नौ-नौ मीटर जमीन एक्वायर की जाएगी। इसके लिए राजस्व टीम पैमाइश में जुटी है। स्थानीय काश्तकारों से बातचीत कर उनकी जमीन की पैमाइश हो रही है। वहीं काश्तकार मुआवजे के लिए कागज सही कराने में जुट गए हैं।
मगहर के सूती मिल चौराहे से कड़सहरा जाने वाले मार्ग पर कताई मिल रेलवे क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण की सरकार द्वारा स्वीकृति दी जा चुकी है। इसे अमली जामा पहनाने के लिए राजस्व टीम के साथ कार्यदायी संस्था सेतु निर्माण निगम द्वारा लगातार निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य शुरू कराने में जुटे हैं।
मंगलवार को राजस्व टीम ने ओवरब्रिज निर्माण में आने वाली भूमि की निशानदेही की थी। बृहस्पतिवार को दोबारा टीम ने हल्का लेखपाल अमित सिंह के नेतृत्व में ओवरब्रिज निर्माण में आने वाले काश्तकारों व भवन स्वामियों के भूमि की पैमाइश करने के साथ उन्हें चिह्नित किया। ताकि मुआवजा के समय काश्तकारों को कोई समस्या न हो।