परिषदीय स्कूल के हेडमास्टर एमडीएम योजना में बरत रहे लापरवाही
संतकबीरनगर। जिले के 41 परिषदीय स्कूलों में चार दिनों से मध्याह्न भोजन नहीं बन रहा है। एमडीएम सेल की तरफ से एकत्रित की गई सूचना में इन स्कूलों के तरफ से कोई जानकारी भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। एमडीएम सेल इन स्कूलों के हेडमास्टरों को नोटिस जारी करने की तैयारी में है।
परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को मध्याह्न भोजन योजना के तहत दिन में गरमागरम भोजन दिया जाता है। कितने बच्चों ने भोजन किया, इसकी प्रतिदिन रिपोर्ट मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की तरफ से आने वाले कॉल पर दी जाती है। एक जुलाई को नया शिक्षण सत्र शुरू हुआ। तब से जिले के 41 ऐसे विद्यालय ऐसे हैं जिन्होंने एमडीएम बना या नहीं, इसकी सूचना प्राधिकरण को दिया ही नहीं। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण की दैनिक अनुश्रवण प्रणाली से मिली सूचना के आधार पर बघौली ब्लॉक छह विद्यालय, बेलहर ब्लॉक के दो, खलीलाबाद ब्लॉक के 12, मेंहदावल ब्लॉक के पांच, नाथनगर ब्लॉक के 10, पौली ब्लॉक के दो, सांथा ब्लॉक के दो, सेमरियावां ब्लॉक के दो विद्यालय से एमडीएम बनने की सूचना नहीं मिली है। बीएसए सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 41 स्कूलों में एमडीएम की कोई सूचना नहीं मिल रही है। एमडीएम सेल को इन विद्यालयों के हेडमास्टरों को नोटिस जारी कर जवाब मांगने का निर्देश दिया गया है।