मौनी अमावस्थ्या के स्नान को लेकर बिड़हर घाट की सफाई करते मजदूर-संवाद
- सरयू नदी के बिडहर घाट पर लगेगा मेला, तैयारियां पूर्ण
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। मौनी अमावस्या का पावन पर्व रविवार को है। इस पर पवित्र नदियों में स्नान करने का विशेष महत्व होता है। सरयू नदी के बिडहर घाट पर स्नान करने वाले शनिवार से ही पहुंचना शुरू हो गए। जहां प्रशासन ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किए हैं। वहीं नदी तट पर पहुंचकर दुकानदारों ने दुकानें लगनी शुरू कर दी है। शनिवार को घाट की सफाई भी की गई। मौसम अनुकूल होने की संभावना से यहां भारी भीड़ हो सकती है।
माघ महीने की अमावस्या को पड़ने वाले स्नान पर्व पर सरयू नदी में डुबकी लगाने के लिए शनिवार की शाम से ही लोग पहुंचना शुरू हो गए। श्रद्धालुओं को गंदगी का सामना न करना पड़े, इसके लिए शनिवार को प्रशासन ने नदी के किनारे साफ-सफाई कराई। सुरक्षा के मद्देनजर मेला क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए। आने-जाने में रास्ते में होने वाले जाम से बचने के लिए उमरिया बाजार और नेतवापुर चौराहे पर रूट डायवर्जन करके चार पहिया और दोपहिया वाहनों को रोक दिया गया है।
इसके साथ अंबेडकरनगर जिले की ओर से आने वाले बड़े वाहनों को पुल उस पार ही आधी रात को संतकबीरनगर की सीमा में आने से रोक दिया जाएगा। मौनी अमावस्या के दिन नदी के किनारे दुकानदारों ने शनिवार को ही दुकान सजानी शुरू कर दी। लोगों का कहना है कि किसी कारणवश स्नान करने के लिए प्रयागराज नहीं जा सके तो कम से कम यहां सरयू नदी में डुबकी लगा सकें।
मौनी अमावस्या पर सरयू नदी के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालु स्नान करते हैं, लेकिन बिडहर घाट पर स्नान करने के लिए बस्ती, गोरखपुर, अंबेडकर नगर, आजमगढ़ व जिले के श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने अपनी तैयारी पूर्ण कर ली है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय नाथ मिश्रा ने बताया कि मेला स्थल से लेकर रास्ते तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।