बखिरा। थाना क्षेत्र के सई लंगड़ी गांव में सोमवार को एक विवाहिता का संदिग्ध परिस्थिति में शव घर के भीतर छत के सहारे लटकता हुआ पाया गया। सूचना पर पहुंची बखिरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सईलंगड़ी गांव में सोमवार को दिन में करीब तीन बजे के करीब अमित निषाद की पत्नी ज्योति (25) का शव उसके कमरे में लटका हुआ पाया गया। इसकी जानकारी होने के बाद ग्रामीणों की भीड़ वहां पर जुट गई। ज्योति की शादी करीब दस माह पूर्व ही हुई थी। सूचना के बाद ज्योति की मां सोनमती देवी अन्य लोगों के साथ वहां पर पहुंच गई। बखिरा एसओ लाल बिहारी निषाद ने बताया कि शव को उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मायके पक्ष से यदि मामले में कोई तहरीर मिलती है, तो उसके अनुसार केस दर्जकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।