लोहरौली। दुधारा थाना क्षेत्र के लौकीलाल में शुक्रवार को एक विवाहिता का शव घर में छत की कुंडी से लटकता मिला। विवाहिता की मां की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और जांच पड़ताल में जुट गई। हालांकि मामले में पुलिस को अभी तहरीर नहीं मिली है।
प्रभारी निरीक्षक दुधारा पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि शुक्रवार सुबह तकरीबन दस बजे मंजू कश्यप पत्नी राम कश्यप निवासी निराला नगर थाना हसनगंज जनपद लखनऊ ने सूचना दी कि उनकी पुत्री कुमुद उर्फ रेखा पत्नी रमेश गौड़ (30) निवासी लौकी लाला थाना दुधारा ने बृहस्पतिवार की देर शाम गले में दुपट्टे का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली है। उनकी पुत्री की शादी दस वर्ष पूर्व हुई थी। घटना के समय उसके दामाद लखनऊ में थे। वह अपनी बेटी के शव का पोस्टमार्टम कराना चाहती हैं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंस और शव को कब्जे में लिया। मौके पर फाॅरेंसिक टीम भी आ गई। महिला के परिवार वालो ने बताया कि अभी तक मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।