मेंहदावल। थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर मेंहदावल पुलिस ने पति सहित तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। विसौवा टोला पिपरी निवासी चंद्रावती पत्नी शंकर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी माया की शादी एक साल पहले 13 मई को मिश्रौलिया पंडित टोला निवासी जगदीश पुत्र मुन्नीलाल के साथ की थी। शादी में उन्होंने अपना खेत बेचकर मोटरसाइकिल, 50 हजार रुपये नकद, सोने की चेन सहित अन्य सामान दिया था।
आरोप है कि शादी के 6 महीने बाद से ही पति जगदीश, सास शीला पत्नी मुन्नीलाल निवासी मिश्रौलिया और शारदा पत्नी अज्ञात निवासी पकड़भिटवा अतिरिक्त दहेज की मांग कर बेटी को प्रताड़ित करने लगे। दहेज न दे पाने पर गत 10 मार्च को सभी ने मिलकर माया को मारपीट कर घर से निकाल दिया।
चंद्रावती का कहना है कि ससुराल वाले रास्ते में जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। पीड़िता की मां की तहरीर पर बुधवार की रात मेंहदावल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि तीनों नामजद आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। संवाद