विवाहिता ने फंदे से लटक कर जान दी
शादी के कुछ दिनों बाद से मायके में रहती थी मनीषा
धनघटा (संतकबीरनगर)। क्षेत्र के खरबुजहिया गांव निवासी विवाहिता का शव बृहस्पतिवार शाम छप्पर की बड़ेरी से लटका हुआ परिजनों ने देखा। शोर मचाने पर गांव के लोग पहुंचे और साड़ी के फंदे को काटकर शव को उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पीड़ित पिता राजाराम ने बताया कि 25 वर्षीय बेटी मनीषा की शादी हैंसर बाजार निवासी किशन के साथ दो वर्ष पहले हुई थी। शादी के बाद कुछ ही दिनों तक मनीषा ससुराल में रही तो उसके ससुराली प्रताड़ित करने लगे। परेशान होकर वह मायके चली आई और यहीं पर रह रही थी।
पीड़ित पिता का आरोप है कि बेटी तभी से परेशान रहती थी। बेटी की मौत से परिजन गमगीन थे। एसओ केडी सिंह ने बताया कि इस मामले में तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।