जहर खाने से विवाहिता की मौत
मोहनलालपुर की घटना, पुलिस छानबीन में जुटी
मगहर(संतकबीरनगर)। नगर पंचायत मगहर के मोहनलालपुर में जहर खाने से एक विवाहिता की मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया।
नगर पंचायत मगहर के मोहल्ला मोहनलालपुर निवासी भोला निषाद के पांच पुत्रों में राम सिंह उर्फ जज तीसरे नंबर के हैं। राम सिंह की शादी करीब आठ वर्ष पहले गोरखपुर जनपद के बेलघाट क्षेत्र के जिगिनिया उर्फ शाहपुर निवासी रेनू निषाद पुत्री सोमई के साथ हुई थी। भोला निषाद ने बताया कि बेटा राम सिंह उर्फ जज मुंबई में काम करता है। तीन दिन पहले ही वह मुंबई से घर आया है। वह सोमवार को मछली पकड़ने के लिए बाहर गए हुए थे। पत्नी रिश्तेदारी में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने मसकनवा गई हैं। घर पर बेटा राम सिंह की पत्नी रेनू अकेले थी। जब वह शाम को घर पहुंचे तब उसे घटना की जानकारी मिली। बेटे ने बताया की वह किसी कार्य से मोहल्ले में ही गया था। उसी बीच उसकी पत्नी रेनू ने फोन करके बताया कि उसे उल्टी हो रही है। यह सुनकर घर पहुंच कर तत्काल उसे खलीलाबाद स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय ले गया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उसके पांच वर्षीय बेटा ऋषभ और ढाई साल की बेटी रुषि है। चौकी प्रभारी बलराम पांडेय ने बताया कि विवाहिता ने अज्ञात कारणों से जहर खा लिया था। पूछताछ में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट होगा। उसके बाद जैसी स्थिति होगी, वैसी कार्रवाई की जाएगी।