सेमरियावां में रमजान की खरीदारी करते लोग-संवाद
सेमरियावां। रमजान में सेमरियावां क्षेत्र के करही, सेमरियावां, दुधारा चिउटना उसराशहीद, बाघनगर, दानोकुइयां, नव्वागांवआदि गांवों के चौराहे व बाजारों में अलग ही रौनक देखने को मिल रही है। इन जगहों पर फलों और सेंवई की दुकानें सज गई हैं। रमजान के दौरान रोजेदारों के लिए इफ्तार को ध्यान में रखते हुए दुकानदारों ने भी खास तैयारी की है। बाजारों में सेब, केला, अंगूर, अनार, संतरा, पपीता, तरबूज, खीरा जैसे फलों की मांग बढ़ जाती है। वहीं खजूर की कई किस्में देशी से लेकर आयातित दुकानों की शान बन जाती हैं।
दुकानदारों का कहना है कि रमजान के पहले ही दिन से फलों की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिलती है। सेंवई की दुकानों पर भी खास चहल-पहल रहती है। कई दुकानों पर सेंवई के साथ-साथ शीरखुरमा बनाने के लिए ड्राई फ्रूट्स, इलायची, केसर और गुलाब जल भी उपलब्ध है। रमजान के आखिरी दिनों में, खासकर ईद के नजदीक आते ही सेंवई की बिक्री चरम पर पहुंच जाती है।
रोजेदार सलीम, फारूख, अब्दुल्लाह का कहना है कि दिन भर के रोजे के बाद इफ्तार में फल शरीर को ताजगी देते हैं। कई अस्थायी दुकानें केवल इसी महीने के लिए लगाई जाती हैं। फुटपाथ पर सजी इन दुकानों से छोटे व्यापारियों को अच्छी आमदनी होती है, हालांकि कुछ दुकानदारों का कहना है कि महंगाई के कारण फलों और ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है, फिर भी रोजेदार जरूरत के हिसाब से खरीदारी कर रहे हैं।