नवीन मंडी में व्यापारियों ने मंडी सचिव पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए उनका घेराव किया। इस दौरान व्यापारियों ने मंडी का मुख्य गेट बंद कर दिया और मंडी सचिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। व्यापारियों ने सचिव से अवैध वसूली को बंद किए जाने की मांग की है। करीब दो घंटे तक व्यापारियों ने मंडी परिसर में हंगामा किया।
मंडी सचिव के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने घेराव समाप्त कर दिया। गुरुवार को सुबह के समय नवीन मंडी समिति में एक ट्रक खड़ा था। मंडी सचिव मौके पर पहुंचे और ट्रक को बाहर करवाने लगे। इसके साथ ही फुटकर व्यापारियों को भी वहां से बाहर जाने को कहा। जिससे व्यापारी नाराज हो गए।
ट्रक मालिक उस्मान अली ने मंडी सचिव पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए अन्य व्यापारियों को इसकी सूचना दी।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष अमित जैन, महामंत्री श्रवण कुमार अग्रहरि और सपा नेता रमेश यादव पहुुंच गए। व्यापारियों ने नवीन मंडी के सचिव का घेराव कर नारेबाजी शुरू कर दी।
व्यापारियों का आरोप था कि नवीन मंडी के सचिव अवैैध वसूली करते हैं जो व्यापारी पैसा नहीं देते हैं उन्हें परिसर से बाहर कर देते हैं। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने नवीन मंडी का मेन गेट बंद कर दिया और सचिव के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। व्यापारियों ने सचिव से अवैध वसूली बंद किए जाने की मांग की।
करीब दो घंटे तक चले हंगामे के बाद सचिव के आश्वासन पर व्यापारियों ने घेराव समाप्त कर दिया।अनिल, कुरबान अली, लाला, एहसान अहमद, कन्हैया, संतोष आदि मौजूद रहे। नवीन मंडी खलीलाबाद के सचिव अमित गुप्त का कहना है कि व्यापारियों द्वारा लगाया गया आरोप बेबुनियाद है।
परिसर में एक ट्रक खड़ा था उसे किनारे करने के लिए कहा गया ताकि जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। व्यापारियों को कोई समस्या थी तो उसे कहना चाहिए था।