संतकबीरनगर। विकास खंड हैंसर बाजार के ग्राम पंचायत खाजो के मैली गांव के पास स्थित पोखरे के सुंदरीकरण का कार्य दूसरे क्षेत्र के मजदूरों से ठेके पर कराए जाने से नाराज खाजो के जाॅब कार्ड धारकों ने रविवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
जॉब कार्ड धारक सरस्वती, मनीष, जगदीश, जयकुमार, गोबरी, सूरज, दीनानाथ आदि का कहना है कि उनके ग्राम पंचायत में एक सप्ताह से पोखरे के सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है। कार्य में ठेके पर गोरखपुर जिले के बारी गांव बनकटा के मजदूर लगाए गए हैं, जबकि गांव के जाॅब कार्ड धारक रोजगार की तलाश में इधर-उधर भटक रहे हैं।
जॉब कार्ड धारकों का आरोप है कि गांव के मजदूर ग्राम प्रधान से काम मांगते हैं तो वह गांव के मजदूरों को काम पर लगाने से कतरा जाते हैं। इसकी शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस, थाना और ब्लॉक के अधिकारियों से की गई, लेकिन वह लोग खामोशी अख्तियार किए हुए हैं। दूसरी तरफ इस मामले ग्राम पंचायत अधिकारी बबूल निषाद ने कहा कि ग्राम प्रधान गांव के ही जाॅब कार्ड धारकों से मनरेगा का काम करा रहे हैं। कुछ लोगों के जरिये लगाया जा रहा आरोप बेबुनियाद है।