संतकबीरनगर। मेंहदावल बाईपास पर बस में चढ़ते समय महिला के पर्स से मंगलसूत्र चोरी करने के मामले में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने एक बाल अपचारी बालिका को निरुद्ध किया है। उसके कब्जे से चोरी का मंगलसूत्र बरामद हुआ है। बरामदगी के आधार पर दर्ज प्राथमिकी में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई है।
गिरधरपुर निवासी अनुपम वर्मा ने 30 अगस्त को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि 27 अगस्त को उनकी पत्नी मेंहदावल बाईपास से बस में सवार हो रही थीं। इसी दौरान उनके पर्स से मंगलसूत्र चोरी हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मंगलवार को श्मशान घाट औद्योगिक क्षेत्र में सड़क किनारे से मामले में वांछित बाल अपचारी को निरुद्ध कर लिया। तलाशी के दौरान उसके प्लाजो की दाहिनी जेब से पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बाल अपचारी ने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भीख मांगने के दौरान मौका देखकर महिलाओं के पर्स और सामान चोरी करती है। उसने 27 अगस्त को मेंहदावल बाईपास पर बस में चढ़ते समय महिला के पर्स से मंगलसूत्र चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बाल अपचारी को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया। वहां से उसे पुलिस निगरानी में बाल सुधार गृह भेज दिया गया।