संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर के मुखलिसपुर ओवरफ्लाई के नीचे रेलवे ट्रैक पर मंगलवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे रेलवे सुरक्षा बल और स्थानीय पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया। जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान संतोष कुमार (40) पुत्र परमेश्वर कुमार निवासी झांगा बाजार, हाटा, कुशीनगर के रूप में हुई।
बाद में मृतक के भाई सनोज कुमार गुप्ता ने शव की शिनाख्त अपने बड़े भाई के रूप में की। आरपीएफ व कोतवाली खलीलाबाद पुलिस के अनुसार मुखलिसपुर ओवरफ्लाई के नीचे एक युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली। मौके पर टीम के पहुंचने पर वहां ट्रैकमैन मेठ कमलेश कुमार और ट्रैकमैन अशोक कुमार मौजूद थे। उनकी मदद से शव को हटाकर अप लाइन को आवागमन के लिए क्लियर कराया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक के सिर में गंभीर चोट थी। शव करीब 40 वर्षीय युवक का था। सूचना के बाद रात आठ बजे डायल 112 को जानकारी दी गई। पुलिस ने शव की जामातलाशी ली तो जेब से पर्स मिला। उसमें आधार कार्ड, पैन कार्ड और एक टच स्क्रीन मोबाइल बरामद हुआ। आधार कार्ड पर नाम संतोष कुमार और पिता का नाम परमेश्वर कुमार, निवासी झांगा बाजार, हाटा, कुशीनगर दर्ज था।
शव के पास से यात्रा संबंधी कोई प्राधिकार पत्र नहीं मिला। पुलिस ने कार्रवाई पूरी करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।