सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को सेंट थामस स्कूल में आयोजित हुआ कार्यक्रम।
- फोटो : अमर उजाला
सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत बुधवार को कार्यक्रम आयोजित कर यातायात नियमों की जानकारी दी गई। सेंट थामस इंटर कालेज नेदुला में आयोजित कार्यक्रम में डीएम ने कहा कि खुशियों के पल, खुशियों में बने रहने दें, इसके लिए बच्चे, अभिभावक व समाज के अन्य लोग सड़क पर चलते समय सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि जब तक लोग घर में रहते हैं तब तक सुरक्षित रहते हैं, लेकिन ज्यों ही हम सड़क पर निकलते हैं तो थोड़ी ही लापरवाही हमें असुरक्षित महसूस करा देती है। सड़क पर यात्रा करते समय लालबत्ती होने पर रुकें, पीली बत्ती पर चलने के लिए तैयार हों और हरी बत्ती होने पर ही चलें। सड़क पर हमेशा बाएं से चले। साथ ही सड़क पर बने निशानों का भी ध्यान रखें। पुलिस अधीक्षक हीरालाल ने कहा कि यह कार्यक्रम पुलिस विभाग यातायात विभाग के साथ संयुक्त रूप से आयोजित कर रहा है। सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन करें। नशे की हालत में वाहन कदापि न चलाएं।
दो पहिया वाहन चालक हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल पर बातें न करें। रेलवे फाटक बंद होने पर रेलवे लाइन पार न करें। यदि ऐसा करेंगे तो यात्रा सुरक्षित होगी। संचालन कर रहे डॉक्टर डीसी पांडेय ने कहा कि देश के विकास में सड़कों का विकास अहम है। सबके जीवन की सुरक्षा में यातायात नियमों का पालन किया जाना आवश्यक है। इस अवसर पर संभागीय परिवहन अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, डॉक्टर आरके विश्वकर्मा, एआरटीओ अंकिता शुक्ला, अपर उप जिला मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, सीओ खलीलाबाद प्रमोद कुमार, सेंट थामस विद्यालय के स्थानीय प्रबंधक गिरीश राय सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।