मेंहदावल में बिजली निगम के शिविर में पहुंचे मुख्य अभियंता-संवाद
मेंहदावल। नगर पंचायत के ब्रह्मचारी मोहल्ले में बिजली निगम की ओर से जागरूकता शिविर लगाया गया। इस दौरान बस्ती मंडल के मुख्य अभियंता विजय कुमार गुप्ता व अधीक्षण अभियंता संतोष कुमार मधुकर ने शिविर का जायजा लिया। मुख्य अभियंता ने कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को डिजिटल कनेक्टिविटी से जोड़ते हुए उनके मोबाइल में एप लोड कराएं, जिससे बिजली के बिल आदि के बारे में उन्हें पूरी जानकारी मोबाइल से ही मिल सके। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में सभी को पूरी जानकारी होनी चाहिए। बिजली निगम को अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को जागरूक करना चाहिए। इससे ज्यादातर समस्याएं खुद-ब-खुद दूर हो जाएंगी। इस दौरान 25 उपभोक्ताओं का एक मुक्त समाधान योजना के तहत रजिस्ट्रेशन कराया गया। इसके साथ ही 50 से अधिक उपभोक्ताओं के मोबाइल में बिजली निगम का एप डाउनलोड कराकर उन्हें बिजली के बिल के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह यादव, अवर अभियंता मनोज कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।