संतकबीरनगर। प्रयागराज महाकुंभ की भगदड़ में जिले की महिला की मौत हो गई थी। पुलिस शुक्रवार की सुबह महिला का शव लेकर प्रयागराज पुलिस जनपद में पहुंची। कोतवाली खलीलाबाद की पुलिस के सहयोग से महिला के गांव पहुंची और उसका शव देवर के सुपुर्द करके प्रयागराज लौट गई।
कोतवाली खलीलाबाद के प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सिंह ने बताया कि कमिश्नरेट प्रयागराज पुलिस लाइंस से हेड कांस्टेबल संजय कुमार शव को लेकर आए। उन्होंने जानकारी दी कि प्रयागराज कुंभ मेले में हुई भगदड़ में कोतवाली खलीलाबाद के जूरी गांव के निवासी शांति (37) पत्नी नरेश की मौत हो गई थी। शांति के शव को समस्त विधिक कार्रवाई पूर्ण करके उसके देवर रमेश के सुपुर्द कर दिया गया है। शांती देवी का शव सुबह जूरी गांव में पहुंचने के बाद मृतका के घर पर चीख पुकार मच गया। बच्चों की चीख पुकार सुनकर वहां पर मौजूद लोगों की आंख नम हो जा रहा था। मृतका के देवर रमेश ने बताया कि उनके भाई नरेश के तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी राधा 11 वर्ष, माधुरी पांच वर्ष और सबसे छोटी संध्या की उम्र तीन वर्ष है। वही दूसरी तरफ गांव में शव पहुंचने के बाद आस-पास एवं नात-रिश्तेदार की भीड़ जुट गई। लोग छोटे - छोटे बच्चों को सांत्वना देने में लगे रहे।