मेहदावल। बिसौंवा गांव से प्रयागराज महाकुंभ में स्नान के लिए गए एक व्यक्ति की मेले में ही मंगलवार को हृदयाघात से मौत हो गई। उनके साथ गए उनके पोतों ने प्रशासन के सहयोग से प्रयागराज में ही उनका दाह संस्कार कर दिया। उनकी मौत से गांव में शोक की लहर व्याप्त है। मेहदावल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिसौंवा निवासी बंशीधर पांडेय (58) महाकुंभ स्नान के लिए प्रयागराज गए थे। साथ में उनके दो पोते सत्यम पांडेय तथा शिवम पांडेय भी गए थे। उनके पोतों ने सूचना दी कि मंगलवार को उनकी मौत हो गई। उनके मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। उनके परिजन हरिशंकर पांडे ने बताया कि मृतक रिश्ते में उनके दादा थे, जो अपने दो पोते के साथ इलाहाबाद महाकुंभ स्नान के लिए गए थे। वहीं पर हृदयाघात से उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि मृतक के भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, यही नहीं उनके बेटे मारकंडे पांडे की भी मौत हो चुकी है, घर में पांच नाबालिग बच्चे हैं। जिसमें सत्यम पांडे तथा शिवम पांडे उनके साथ प्रयागराज गए थे। प्रयागराज में प्रशासन के सहयोग से प्रयागराज में ही मंगलवार की देर शाम शव क दाह संस्कार करा दिया गया। उनके पोते वहां से चल चुके हैं, लेकिन जाम के चलते अभी तक घर नहीं पहुंचे हैं। वहीं गांव के लोगों में शोक का माहौल देखा जा रहा है।