सात से नौ फरवरी के बीच होगा मगहर महोत्सव
संतकबीरनगर। डीएम प्रेम रंजन सिंह की अध्यक्षता में मगहर महोत्सव समिति की बैठक हुई। जिसमें सात से नौ फरवरी के बीच महोत्सव कराए जाने की तिथि तय की गई। डीएम ने महोत्सव के सचिव को कार्यक्रम की रूपरेखा तय किए जाने का निर्देश दिया।
वर्ष 1987 से कबीर चौरा मगहर के परिसर में मगहर महोत्सव का आयोजन 12 से 18 जनवरी के बीच होता चला रहा आ रहा है। पिछले दो वर्षों से कोरोना संक्रमण की वजह से महोत्सव का आयोजन नहीं हो पाया था। डीएम प्रेम रंजन सिंह ने बताया कि चार फरवरी तक एमएलसी चुनाव की आचार संहिता प्रभावी है। इसी वजह से सात फरवरी से नौ फरवरी तक मगहर महोत्सव कराए जाने की सहमति बनी है। शासन ने महोत्सव के लिए 40 लाख का बजट स्वीकृत कर दिया है। जबकि पहली किस्त 13 लाख रुपये मिल चुका है। महोत्सव को भव्य ढंग से संपंन कराया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा तय किए जाने के लिए समिति के सचिव एवं सदस्य को निर्देश दिए गए है।