सेमरियावां। मोबाइल पर लकी ड्रा का मैसेज आने के बाद लिंक खोलना दुधारा के एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। साइबर ठगों ने लकी ड्रा में बुलेट गाड़ी का झांसा देकर अलग-अलग किस्तों में 32,700 रुपये अपने खाते में जमा करा लिए। रकम भेजने के बाद भी ठग लगातार और रुपये की मांग कर रहे हैं। पीड़ित ने दुधारा थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और धनराशि वापस कराने की मांग की है।
दुधारा गांव के गोपीचंद के अनुसार, 29 अगस्त को उसके मोबाइल पर लकी ड्रा का मैसेज आया था। उसने मैसेज में दिए गए विकल्प के अनुसार एप खोला और ओके कर दिया तो ठगों के संपर्क में आ गया। इसके बाद उसे लकी ड्रा में बुलेट गाड़ी इनाम मिलने का झांसा देकर पहले विभिन्न प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर रुपये जमा करने को कहा गया।
पीड़ित ने बताया कि ठगों के कहने पर उसने अलग-अलग समय पर 6,550 रुपये, 15,00 रुपये, 24,650 रुपये जमा किया। इस तरह कुल 32700 रुपये ठगों के खाते में चले गए। इसके बावजूद इनामी बुलेट गाड़ी नहीं मिली और इसके बाद फिर 18000 रुपये की रकम मांगी जा रही है। बार-बार फोन कर परेशान किया जा रहा है। आधार कार्ड, पैनकार्ड मांगा जा रहा है कि बुलेट गाड़ी मिलेगी। पीड़ित ने दुधारा थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। उसने पुलिस से साइबर ठगों के खिलाफ कार्रवाई कर ठगी गई धनराशि वापस कराने की मांग की है।