मगहर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र मगहर के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित दुर्गा मंदिर चौराहे पर लारी ट्रक अनियंत्रित होकर दुकान में घुस गई। जिसकी चपेट में तीन अन्य गाड़ियां आ गई। लारी ट्रक के आगे के हिस्से सहित अन्य वाहन भी क्षतिगस्त हो गए। हालांकि, इस दौरान कोई जनहानि नही हुई। घटना की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी व हाईवे के कर्मचारियों के प्रयास से वाहनों को सड़क की पटरी से किनारे कर हाईवे पर यातायात को सामान्य कराया।
सिद्धार्थनगर जनपद निवासी वाहन मालिक बृहस्पतिवार को नई डम्फर गाड़ी गोरखपुर जिले स्थित गीडा से खरीदकर अपने घर जा रहा था। अभी डम्फर दुर्गा मंदिर चौराहे पर बने क्रास प्वाइंट को पार कर ही रहा था कि इसी बीच तेज रफ्तार पाईप लदी लारी ट्रक का चालक गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा और डम्फर को तेज ठोकर मारते हुए मौके पर खड़ी एक कार व एक आटो से टकरा कर दुकान में घुस गया। इससे आटो के आगे का शीशा व कार का पिछला हिस्सा क्षत्रिग्रस्त हो गया।
इस दौरान दुकान में बैठे ग्राहक बाल-बाल बच गए और चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच वाहन चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। इस घटना के बाद हाईवे पर वाहनो की लाईन लग गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजेँद्र पटेल ने मौके पर पहुंच कर वाहनों को किनारे कर गाड़ियों को धीरे-धीरे पास करा कर लंबा जाम नहीं लगने दिया।