किसान की कनपटी पर तमंचा सटाकर साढ़े बारह हजार लूटे
- बैंक से रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे कृष्णमुरारी
- पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर, एसओ ने घटना की सूचना से किया इंकार
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। बृहस्पतिवार को धनघटा- हैंसर बाजार मार्ग पर मलौली पेट्रोलपंप के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने किसान की कनपटी पर तमंचा सटाकर साढ़े बारह हजार रुपये लूट लिया और फरार हो गए। पीड़ित का कहना है कि उसने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है, जबकि एसओ ने घटना की जानकारी होने से इंकार किया है।
कौलही गांव निवासी कृष्णमुरारी ने बताया कि पूर्वाहन 11 बजे के करीब पीएनबी धनघटा की शाखा से साढ़े बारह हजार रुपये निकालकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में मलौली के पास स्थित पेट्रोलपंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने के बाद जैसे ही आगे बढ़े एक बाइक पर सवार दो लोग तेजी से उनके आगे आए और उन्हें रोक लिया। उनके कारण पूछने से पहले ही एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया और जेब से बैंक से निकाली गई रकम निकाल ली। इसके बाद बदमाश धनघटा की ओर भाग निकले। बदमाशों ने हेलमेट लगा रखा था। घटना के बाद कृष्णमुरारी थाने पहुंचे और तहरीर दी। उस वक्त थानाध्यक्ष मौजूद नहीं थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष अखिलानंद उपाध्याय ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।