कलक्ट्रेट के डीएम कोर्ट में शनिवार को भाजपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के समक्ष तीन सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया है।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद आदि मौजूद रहे। इसके साथ ही कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। वहीं एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र लिया।
भाजपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद दिन में 12.30 बजे नामांकन के लिए गाड़ियों के काफिले के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। पुलिस लाइन के पास बने बैरियर के पास वाहनों को रोक दिया गया। प्रवीण निषाद के साथ सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, धनघटा विधायक गणेश चौहान, मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
प्रवीण निषाद ने तीन सेट में नामांकन दाखिल किया। इसके साथ ही बहुजन मुक्ति पार्टी से प्रत्याशी आनन्द कुमार गौतम, प्रगतिशील समाज पार्टी से धीरज श्रीवास्तव, अल-हिन्द पार्टी से प्रत्याशी अवधेश प्रसाद, सर्वजन आवाज पार्टी से राजेन्द्र यादव, निर्दल प्रत्याशी रमाकान्त, निर्दल राम कृष्ण द्विवेदी, निर्दल रविंद्र नाथ पाण्डेय, निर्दल हरिशचन्द्र निषाद, निर्दल अरविन्द्र, निर्दल अश्विनी कुमार ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
इसके साथ ही अखिल भारतीय महापरिषद से सुभाष चन्द्र दूबे ने दो सेटों में नामांकन पत्र लिया। डीएम महेंद्र सिंह तंवर के समक्ष सभी प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि भाजपा समेत कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। पांच मई को रविवार होने के चलते नामांकन का कार्य नहीं होगा। अब छह मई को नामांकन का कार्य संपादित किया जाएगा।