लोहरैया। शनिवार की शाम पोल पर तार जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से प्राइवेट लाइनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां पहुंचते ही लाइनमैन की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के घोरांग गांव निवासी बिट्टू चौहान (28) प्राइवेट लाइनमैन है। शनिवार की शाम के समय ददरवार गांव में बिजली के पोल पर चढ़कर तार जोड़ रहा था। उसी समय कोचरी फीडर से बिजली सप्लाई दी गई। जिससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन बिट्टू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलौली ले जाया गया। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचते ही बिट्टू की मौत हो गई। बिट्टू की मौत से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
इस संबंध में कोचरी फीडर के जेई रामकरन ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। उनके फीडर पर खुद निगम के लाइनमैन हैं। अगर बिजली खराब थी तो सूचना देनी चाहिए। किसी भी पोल पर बाहरी व्यक्ति को नहीं चढ़ना चाहिए।