बिजली गिरने से झोपड़ी जली, एक घायल, महुली थाना क्षेत्र के अम्मादेई गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। महुली क्षेत्र के अम्मादेई गांव में शनिवार की रात बिजली गिरने से एक क्वारंटीन परदेसी झुलस गया। बिजली से झोपड़ी में आग लग गई। जिससे उसमें गृहपयोगी सामग्री जलकर राख हो गई।
अम्मादेई गांव निवासी राजेश पुत्र दीनदयाल अपनी पत्नी अनीता अपने बड़े भाई चंद्रकेश पुत्र दीनदयाल, भाभी सीमा और उनके तीन बच्चों के साथ लुधियाना से कुछ दिन पहले गांव आए थे। कोरोना वायरस के कारण गांव से बाहर झोपड़ी में रह रहे थे। शनिवार की रात तेज आंधी के साथ ही बिजली भी चमकने लगी। बिजली राजेश की झोपड़ी पर गिर गई। जिसकी चपेट में आने से राजेश बुरी तरह झुलस गए। वहीं झोपड़ी में आग लग गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनोद यादव, दीनदयाल आदि ने बताया कि घायल को सीएससी नाथनगर पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से घायल का उपचार के उपरांत रविवार को घर लाकर क्वारंटीन कर दिया गया है। प्रशासन को सूचना दे दी गई है।