उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शुक्रवार को लेखपालों ने तीनों तहसीलों में कार्य बहिष्कार कर कलेक्ट्रेट पर धरना दिया। इस दौरान लेखपालों ने प्रदेश सरकार पर उनकी मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
धरनास्थल पर आयोजित सभा में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष बुद्धिराम चौधरी ने कहा कि लेखपाल कई दिन से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते 30 अगस्त को लेखपाल विधान सभा का घेराव करने लखनऊ भी गए, लेकिन शासन की उपेक्षा के कारण वार्ता विफल रही। ऐसे में निर्णय लिया गया कि छह सितंबर तक कार्य बहिष्कार कर धरना दिया जाएगा।
इसी क्रम में धरना दिया जा रहा है। जिला मंत्री शीतला प्रसाद श्रीवास्तव ने कहा कि पांच सितंबर को कैंडिल मार्च निकाला जाएगा, जबकि छह सितंबर को धरना स्थल पर बुद्धि शुद्धि यज्ञ किया जाएगा। उन्होंने लेखपालों को पदोन्नति देने, वेतन विसंगतियां दूर करने तथा पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
धरना में राकेश श्रीवास्तव, कुमारी आयुषी, दयाराम त्रिपाठी, विजय प्रताप पाल, विंध्याचल लाल, शेषदत्त त्रिपाठी, सुधीर कुमार गुप्ता, हरिशंकर विश्वकर्मा, सुनील कुमार श्रीवास्तव, ध्रुवचंद्र चौधरी, अभिषेक कुमार, श्रवण कुमार, राम चरन, चंद्रभूषण, श्रीधर पांडेय, प्रमोद कुमार, जुग्गीलाल, राम लगन चौधरी, सुशील कुमार श्रीवास्तव आदि शामिल रहे।